महापौर ने ली नगर निगम की समीक्षा बैठक, मानसून से पूर्व सफाई और जल निकासी पर विशेष जोर
मेयर सुषमा खर्कवाल ने दिए फील्ड निरीक्षण और त्वरित कार्रवाई के निर्देश

लखनऊ, 06 मई।
नगर निगम लखनऊ की विकास योजनाओं और आगामी मानसून सत्र की तैयारियों को लेकर मंगलवार को महापौर सुषमा खर्कवाल की अध्यक्षता में एक समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में नगर आयुक्त गौरव कुमार समेत निगम के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।
कैंप कार्यालय में हुई इस बैठक में महापौर ने मानसून पूर्व तैयारियों की समीक्षा करते हुए सभी नालों और ड्रेनेज सिस्टम की सफाई समय से सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जलभराव की समस्या को रोकने के लिए संवेदनशील क्षेत्रों की पहचान कर प्राथमिकता के आधार पर कार्रवाई की जाए।
महापौर ने अधिकारियों से कहा कि वे फील्ड में जाकर कार्यों की स्थिति स्वयं जांचें और लापरवाही पाए जाने पर त्वरित कार्रवाई करें। उन्होंने स्वच्छता व्यवस्था पर भी कड़ा रुख अपनाते हुए सड़कों की नियमित सफाई, कूड़ा निस्तारण और सार्वजनिक स्थलों की सफाई पर विशेष ध्यान देने को कहा।

महापौर ने नगर निगम के कार्यों में पारदर्शिता और समयबद्धता सुनिश्चित करने पर बल दिया। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि जनता की शिकायतों का शीघ्र समाधान किया जाए और कोई भी मुद्दा लंबित न रहे। नगर आयुक्त गौरव कुमार ने मेयर को बताया कि मानसून से पूर्व तैयारियों के लिए सभी विभागों को दिशा-निर्देश जारी किए जा चुके हैं। प्रमुख नालों की सफाई, मशीनों की मरम्मत और कर्मचारियों की तैनाती जैसे कार्य अंतिम चरण में हैं और आगामी दो सप्ताह में ये पूर्ण कर लिए जाएंगे।



