विधायकों, संघ, बीजेपी पदाधिकारियों और पार्षदों के साथ महापौर ने मनाई होली
कई नाराज़ पार्षद होली मिलन समारोह में भी हुए नदारद

लखनऊ, 12 मार्च।
महापौर सुषमा खर्कवाल ने बुधवार को अपने कैंप कार्यालय में विधायकों संघ और भाजपा पदाधिकारी के साथ फूलों की होली मनाई। उन्होंने राजधानी वासियों को होली की शुभकामनाएं दीं। होली मनाने के दौरान राजधानी के कई विधायकों ने उन्हें राजधानी के विकास में भरपूर मदद करने का भरोसा दिया। दूसरी तरफ नगर निगम की राजनीति में तनातनी का भी माहौल दिखाई दिया। नाराज कार्यकारिणी सदस्य और बड़ी संख्या में पार्षदों ने होली मिलन से भी किनारा कर लिया।
महापौर सुषमा खर्कवाल के सरकारी कैंप कार्यालय में बुधवार को भव्य होली मिलन समारोह का आयोजन किया गया। जिसमें बड़ी संख्या में शहर के गणमान्य लोग शामिल हुए। विधायकों के साथ भाजपा के वरिष्ठ नेता, नगर निगम के अधिकारी और संगठन के प्रतिनिधियो ने होली मिलन कार्यक्रम में शामिल होकर मेयर को बधाई दी। उम्मीद की जा रही थी नाराज़ पार्षद होली मिलन के बहाने गुझिया की मिठास से मन की खटास दूर कर सकेंगे। कई पार्षदों की अनुपस्थिति ने होली के आयोजन की रौनक को बेमजा कर दिया।
विधायकों और बीजेपी पदाधिकारियों ने रंगों के बीच उठाया होली काआनंद
कार्यक्रम में विधायक नीरज बोरा, विधायक ओपी श्रीवास्तव ,विधायक योगेश शुक्ला , विधान परिषद सदस्य रामचंद्र प्रधान व मुकेश शर्मा, भाजपा के वरिष्ठ नेता नीरज सिंह और अमित टंडन भी हुए शामिल। होली समारोह के दौरान एक तरफ जहां माननीयों ने पकवानों का स्वाद लिया तो वहीं दूसरी तरफ होली का लुत्फ उठाया। महापौर से बातचीत के दौरान उन्होंने शहर के विकास में मेयर को हर संभव सहयोग का भरोसा दिया।
पर्वतीय महापरिषद के अध्यक्ष गणेश चंद्र जोशी सहित कई पदाधिकारी भी पहुंचे
पर्वतीय महापरिषद के अध्यक्ष गणेश चंद्र जोशी सहित कई पदाधिकारी भी होली मिलन में पहुंचे। उन्होंने महापौर को होली की बधाई देने के साथ ही राजधानी के विकास पर भी चर्चा की।
यूपी सभापति गिरीश गुप्ता, पार्षद दल के नेता सुशील तिवारी पम्मी ने दी सभी को बधाई
उपसभापति गिरीश गुप्ता, पार्षद दल के नेता सुशील तिवारी पम्मी ने होली मिलन में लोगों से गले मिलकर सभी को बधाई दी। होली मिलन में पार्षद गीता देवी,राम नरेश, संदीप शर्मा, पियूष दीवान, पूजा जसवानी, अरुण राय, संजय राठौर,अशोक उपाध्याय, पार्षद पति सुनील शंखधर और अरविंद यादव , सुधीर मिश्रा रामकुमार वर्मा सहित नगर निगम के कई वरिष्ठ अधिकारी भी मौजूद रहे।
नगर निगम अफसरों ने भी की शिरकत
महापौर के होली मिलन कार्यक्रम में अपर नगर आयुक्त, जोनल अधिकारी, जोनल सेनेटरी अफसर, विनय कृ्ष्ण पाण्डेय एडवोकेट और संगठन से जुड़े लोग भी शामिल हुए। महापौर ने सभी को होली की बधाई देते हुए उनके लिए मंगल की कामना भी की।
कर्मचारी नेताओं ने दी महापौर को शुभकामनाएं
नगर निगम के कर्मचारी यूनियन के नेताओं ने भी होली मिलन कार्यक्रम का हिस्सा लिया। कार्यक्रम में शशि कुमार मिश्रा सहित कई कर्मचारी नेता शामिल हुए
महापौर ने शहर को स्वच्छ एवं सुंदर बनाने का बीड़ा उठाया
महापौर सुषमा खर्कवाल ने अपने संबोधन में नगर विकास और शहर को स्वच्छ एवं सुंदर बनाने पर जोर दिया। उन्होंने सभी को होली की शुभकामनाएं दीं और एकता एवं सौहार्द बनाए रखने का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि लखनऊ गंगा जमुनी तहजीब का शहर है। इसलिए हम सब को मिलकर आपसी सौहार्द के साथ होली और ईद मनानी चाहिए।